कोरोना का टीका लगाए बिना लौटाए जा रहे लोग
सहारनपुर। जनपद में दो दिन से अनेक लोगों को कोरोना का टीका नहीं लग पा रहा है। टीक लगवाने को पहुंचने की सूचना तो उनके पास आती है, लेकिन केंद्र पर जाते हैं तो टीका नहीं लगाया जाता। बृहस्पतिवार को भी एसबीडी जिला अस्पताल में टीकाकरण केंद्र से लोग मायूस होकर लौटे।
कोरोना से बचाव को लेकर सरकार ने तीन चरणों में स्वास्थ्यकर्मियों, प्रथम पंक्ति के कर्मचारियों और 60 वर्ष से अधिक आयु के सामान्य लोगों तथा 45 से 59 वर्ष के बीमार लोगों के लिए क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा चरण चलाया था। चार दिन पहले सरकार ने 45 वर्ष की आयु से अधिक के सभी लोगों को टीका लगाने को कहा है। इसकी वजह से नि:शुल्क टीका लगवाने के लिए लोग बड़ी संख्या में केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मगर बीते दो दिन से वैक्सीन की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोगों को बिना टीका लगाए लौटाया जा रहा है। टीकाकरण का समय सुबह नौ से शाम पांच बजे तक का दिया हुआ है। मगर ज्यादातर केंद्रों पर दोपहर एक बजे तक वैक्सीन खत्म हो रही हैं। स्टाफ का कहना है कि उन्हें सीमित मात्रा में वैक्सीन दी जा रही है।
लोगों की बात
चंद्रविहार कॉलोनी निवासी पंकज सैनी दोपहर एक बजे टीका लगवाने जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें वैक्सीन नहीं होने की बात कहते हुए कल सुबह जल्दी आने को कहा गया है।
रमनजीत सिंह ने टीके के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। वह भी दोपहर करीब एक बजे टीका लगवाने पहुंचे थे। मगर उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि वैक्सीन खत्म हो गई है, बाद में आना।
बृजेश नगर निवासी गोपालकृष्ण दोपहर डेढ़ बजे पत्नी के साथ टीका लगवाने पहुंचे थे। उन्हें भी टीका खत्म होने की बात कहते हुए शुक्रवार को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे के बीच बुलाया गया है।
अंजू भी टीका लगवाने पहुंची थी। उन्होंने बताया कि वह कई दिन से टीका लगवाने का मन बना रही थीं। बृहस्पतिवार को पहुंची तो टीका खत्म होने की बात कही गई।
दिल्ली रोड निवासी सुशील ने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार को तीन बजे टीका लगवाने के लिए बुलाया गया था। मगर डेढ़ बजे ही वैक्सीन खत्म हो गई। अब दोबारा आने को कहा गया है।
वर्जन
फिलहाल हमारे पास मात्र सात हजार खुराक बची हैं। बाहर से वैक्सीन आएगी, जिसको लेकर बात चल रही है। उम्मीद है कि दो दिन में वैक्सीन आ जाएगी। इसीलिए प्रत्येक केंद्र को एक दिन में 120 खुराक ही दी जा रही हैं।
- डॉ. बीएस सोढ़ी, सीएमओ
रमनजीत सिंह।- फोटो : SAHARANPUR
पंकज सैनी।- फोटो : SAHARANPUR
सुशील कुमार।- फोटो : SAHARANPUR