सहारनपुर में कोर्ट रोड पर लगा जाम।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। दिल्ली देहरादून हाईवे पर किसानों के चक्का जाम के साथ ही शहर में भी शुक्रवार को सड़कों और बाजारों में लोग जाम से जूझते रहे। शहर के कोर्ट रोड और अंबाला रोड पर तो कई बार जाम के हालात बने। त्योहारों का सीजन निकलने के बाद भी शहर में जाम की समस्या दूर नहीं हो रही है। टेंपो और ई-रिक्शा जैसे तिपहिया वाहनों के कारण शहर में जाम अधिक लग रहा है।
शहर में दोपहर 12 बजे से डेढ़ बजे तक कोर्ट रोड पर कलक्ट्रेट तिराहे से लेकर रोडवेज वर्कशाप वाले पुल तक जाम के हालात रहे। इस जाम में सबसे अधिक तिपहिया वाहन रहे। इनके अलावा बसें और अन्य भारी वाहन जाम में फंसे रहे। दीवानी कचहरी के बूथ पर यातायात पुलिस को जाम खुलवाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। इसके अलावा दोपहर साढ़े 12 बजे से दो बजे तक अंबाला रोड पर घंटाघर चौक से एसएएम इंटर कालेज पुल तक और दूसरी ओर फायर ब्रिगेड कार्यालय तक सबसे अधिक जाम रहा। वहीं, जिला अस्पताल पुल की ओर जाते समय विश्वकर्मा चौक और चौधरी चरण सिंह चौक पर कई बार जाम लगता रहा और राहगीर फंसते रहे।
कुछ राहगीरों ने कहा कि तिपहिया वाहनों की संख्या काफी अधिक हो गई है। इनके संचालन में भी मनमानी हो रही है। इन पर लगाम लगाना जरूरी है। तिपहिया वाहनों के कारण जाम की हालत से परेशान होने के बाद ही सराफा बाजार और कक्कड़ गंज के कारोबारियों ने इनके प्रवेश पर पाबंदी के लिए रस्सी के बैरियर तक लगा दिए थे।
यातायात पुलिस प्रभारी पवन तोमर ने बताया कि होमगार्ड और पीआरडी जवानों के साथ यातायात सुचारु रखने के प्रयास जारी हैं। हालांकि बाईपास बनने के बाद से भारी वाहनों का आवागमन कम हुआ है। पहले से कुछ राहत भी है।