दो घंटे पहले बुला रहे मरीज, धूप में करना पड़ रहा इंतजार
सहारनपुर। कोविड 19 की जांच के लिए शहर में पांच जगह पर सैंपल कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। सैंपल लेने के दौरान पूरी सावधानी तो बरती जा रही है, मगर अव्यवस्था भी हावी है। एक सेंटर पर तो सैंपल देने पहुंच रहे लोगों के लिए बैठने तक की व्यवस्था नहीं है और धूप में खड़े रहना पड़ रहा है। अमर उजाला टीम ने शुक्रवार को दो कलेक्शन सेंटरों पर पहुंचकर वहां की व्यवस्था देखी। प्रस्तुत है रिपोर्ट...
दोपहर एक बजे: श्रीराम चौक के पास पुराना अस्पताल
शहर की नेहरू मार्केट में श्रीराम चौक के पास पुराना अस्पताल है, जिसमें कोविड 19 की जांच के लिए सैंपल कलेक्शन सेंटर बनाया गया है। इसे रिवेम्पिंग केंद्र भी कहा जाता है। शुक्रवार को 27 लोग यहां कोविड जांच के लिए सैंपल देने पहुंचे। डाक्टर अरविंद कुमार, डाक्टर अजीम खान सहित टीम में शामिल अन्य लोग सैंपल कलेक्शन का कार्य कर रहे थे। भवन के गेट पर खुले में ही सैंपल लेने का कार्य हो रहा था। सैंपल लेने के लिए दो लोगों ने पीपीई किट पहनी हुई थी।
दोपहर डेढ़ बजे: आईएमए भवन हकीकतनगर
यहां पर शुक्रवार को 100 से ज्यादा लोग सैंपल देने पहुंचे थे। कुछ पुलिसकर्मी थे तो कुछ कचहरी से संबंधित लोग आए थे। लोगों के बैठने को कुर्सियों का इंतजाम था। सैंपल देने वालों में करीब 50 लोग कचहरी से आए थे, जबकि 30 पुलिसकर्मियों के अलावा अन्य ऐसे लोग थे, जो किसी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क वाले हैं। यहां पर शैंकी गुप्ता, धीरज सैनी, अमित और शुभम सैंपल कलेक्शन कार्य कर रहे थे।
सुने अफसर, लोगों की यह पीड़ा
पुराना अस्पताल (रिवेम्पिंग केंद्र) पर सैंपल देने पहुंचे जेल चुंगी मोज्जमपुरा निवासी कामता, फूल सिंह, अजय राखी ने बताया कि उन्हें 11 बजे सैंपल देने के लिए बुलाया गया था। मगर दो घंटे बाद एक बजे सैंपल लेना शुरू किया गया। तब तक धूप में ही बैठना पड़ा। गोविंदनगर निवासी रविश के परिवार के 12 लोग सैंपल देने पहुंचे। उनके परिवार का एक सदस्य पूर्व में पॉजिटिव मिला था। रविश का भी कहना था कि लोगों को दो घंटे पहले बुला लिया गया और बैठने तक का कोई इंतजाम नहीं है।
ये हैं पांच कलेक्शन सेंटर
- आईएमए भवन हकीकतनगर
- रिवेम्पिंग केंद्र नेहरू मार्केट
- नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खाताखेड़ी
- रेडक्रास हॉस्पिटल नवाबगंज
- नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आजाद कालोनी
सहारनपुर के श्रीराम चौक स्थित चिकित्सालय कोरोना का टेस्ट कराते परिवार- फोटो : SAHARANPUR