थाने पर पुलिसकर्मियों के साथ बैठे अभिभावक संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय वालिया
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। लॉकडाउन की अवधि की फीस माफ किए जाने की मांग को लेकर 28 दिन से धरना दे रहे अभिभावक संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को पुलिस ने थाने में बैठा लिया। पदाधिकारी मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे थे। मुख्यमंत्री के जाने के बाद शाम सात बजे उन्हें छोड़ दिया।
हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान फीस माफी की मांग को लेकर अभिभावक संघर्ष समिति के पदाधिकारी धरना दे रहे हैं। शनिवार को अध्यक्ष संजय वालिया के नेतृत्व में गांव गदनपुरा से वीशू वर्मा, सुरेंद्र सैनी, दीपचंद चौहान मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए सर्किट हाउस जा रहे थे। संजय वालिया का आरोप है कि पुलिस ने चिलकाना रोड गांव बलरामपुर के पास उन्हें रोक लिया और इसके बाद देहात कोतवाली में बैठा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जाने के बाद शाम सात बजे उन्हें छोड़ा गया है। संजय वालिया ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी मांगे उठाने का हर किसी को अधिकार है। वह मुख्यमंत्री से मिलकर अभिभावकों की समस्याएं बताना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोक दिया है, जिससे साफ है कि नागरिकों की आवाज दबाने का काम किया जा रहा है।