सहारनपुर के सर्किट हाउस पर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते बसपा सांसद पुत्र
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान की तरफ से उनके पुत्र मोनिस रजा ने सर्किट हाउस पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट को 18 बिंदुओं का मांगपत्र सौंपा। उसमें सहारनपुर जनपद की कुछ प्रमुख समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई है। साथ ही वुड कार्विंग के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर का शिलान्यास करने पर धन्यवाद प्रकट किया।
मांगपत्र में कहा कि शेखुल हिन्द मौलाना महमूद हसन राजकीय मेडिकल कॉलेज को हायर सेंटर के रूप में विकसित कर कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना की जाए तथा जरूरी मशीनरी व स्टाफ तैनात कराया जाए। निर्माणाधीन विश्वविधालय में जल्द शिक्षा से संबंधी कामकाज शुरू कराए जाएं। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान किसानों को दिलाया जाए। वीनियर एवं प्लाईवुड उद्योगों का हब स्थापित करने की कार्ययोजना बनाकर उसको गति दी जाए। सहारनपुर शहर के आर्थिक रूप से कमजोर आबादी वाली मलिन व पिछड़ी बस्तियों में विकास कराया जाए। बेहट में अग्निशमन केंद्र की स्थापना कराई जाए।
प्रसिद्ध दारुल उलूम देवबंद, माता बाला सुंदरी देवी मंदिर तथा संस्कृत विश्वविद्यालय के रूप में विश्वविख्यात देवबन्द को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कराया जाए। सहारनपुर देहात, बेहट, रामपुर मनिहारान, देवबन्द तथा नगर सहारनपुर के जिन क्षेत्रों को डार्क जोन की लिस्ट से बाहर कर दिया गया है, वहां पीने के पानी के लिए हैंडपंप, ट्यूबवेल की व्यवस्था कराई जाए।