आईआईटी रुड़की के सहारनपुर कैंपस के सामने स्थित पेपर मिल में नाइट शिफ्ट में काम करते समय एक कर्मचारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।
ड्यूटी खत्म होने के बावजूद रविवार सुबह जब यह कर्मचारी घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने मिल में संपर्क किया। परिजनों और ग्रामीणों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही और घंटों देरी से मृतक के बारे में जानकारी देने का आरोप लगाते हुए रोष जताया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव शेखपुरा कदीम का निवासी 32 वर्षीय रवि कुमार पुत्र बनारसी दास पेपर मिल में मशीन मैन के रूप में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात रवि नाइट ड्यूटी के लिए मिल में गया था। सुबह छह बजे तक उसकी ड्यूटी थी।
ड्यूटी टाइम के बाद भी जब वह घर नहीं आया तो परिजन ही मिल में पहुंचे। वहां बताया गया कि रवि की तबियत अचानक खराब हो गई थी। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
परिजन जब जिला चिकित्सालय पहुंचे तो यहां रवि के मृत होने की सूचना मिली। परिवार में कोहराम मच गया। शेखपुरा कदीम से कई अन्य ग्रामीण और रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए। रवि का चार साल का बच्चा है। पत्नी सुनीता और अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा।
प्रबंधन की लापरवाही से मौत का आरोप
जिला अस्पताल में पहुंचे रवि कुमार के रिश्तेदार जोशी सिंह, अजय कुमार, विपिन आदि ने कहा कि कर्मचारी की तबियत खराब होने के बाद मौत तक हो जाती है, लेकिन घंटों तक परिवार को सूचना ही नहीं दी गई।
यह प्रबंधन की लापरवाही नहीं तो क्या है। इसी कारण रवि की जान चली गई। सदर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को शांत किया। थाना सदर प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि प्रबंधन की ओर से हार्ट अटैक की संभावना से तबीयत खराब होना बताया गया है। पोस्टमार्टम में अन्य कोई कारण सामने आता है तो उसी के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।