अंबाला हाईवे पर रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते को बंद कर दिया गया है। इस रोड की ओर आवाजाही बंद करने के लिए बैरियर लगा दिए गए हैं।
हाल यह है कि चौपहिया वाहन तो दूर ई-रिक्शा और दोपहिया वान तक इस पर अब नहीं चल पा रहे हैं। इसके चलते इस रास्ते से आने जाने वाले सैकड़ों राहगीरों को परेशान होना पड़ रहा है।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डे की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग गुरुद्वारा रोड पर नाले और सीवर के काम के लिए खुदाई की गई है। ठेकेदार और कर्मचारियों की ओर से इस तरह खुदाई की गई है कि पूरा मार्ग ही बाधित हो गया है। इसके चलते इस मार्ग पर राहगीरों का लोड रोकने के लिए यातायात पुलिस की ओर से बैरियर लगा दिए गए हैं।
इस महत्वपूर्ण मार्ग पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते जाते हैं। नए शहर के छात्र छात्राएं बड़ी संख्या में इसी मार्ग से वुडकार्विंग बाजार होते हुए आगे पुराने शहर की शिक्षण संस्थाओं तक पहुंचते हैं।
इसके अलावा पुराने शहर के क्षेत्रों से स्टेशन और अड्डे की ओर जाने वाले सैकड़ों रेलयात्री इसी गुरुद्वारा रोड से आते जाते हैं। अब उन्हें करीब डेढ़ किमी अतिरिक्त दूरी तय करते हुए फायर ब्रिगेड और स्पोर्ट्स स्टेडियम वाले रास्ते से आना जाना पड़ रहा है।
स्टेशन पर वुडकार्विंग बाजार से लेकर शिक्षण संस्थाओं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को ले जाने वाली ई-रिक्शा चालकों को भी अब करीब एक किमी दूर कुतुबशेर थाने के सामने वुडकार्विंग बाजार में अपने वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं।
वहीं गुरुद्वारा रोड पर कारोबार करने वाले राशिद, जमशेद, सरदार गुरप्रीत, विक्की आदि ने कहा कि इस रूट से जब राहगीर, यात्री और छात्र छात्राएं ही नहीं आएंगे तो व्यापार कैसे चल पाएगा।
नगर निगम वालों ने सड़क को खुदवाकर छोड़ दी है लेकिन इसका काम पूरा नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि यदि यह काम करना ही था तो आधा रोड बचाकर ब्लॉक करना चाहिए था। एग्जाम सीजन में छात्र छात्राओं की भी परेशानी बढ़ा दी गई है।