सहारनपुर। अपने मौलिक चिंतन और योग में नए आविष्कारों और प्रयोगों के लिए विख्यात योग गुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण इस बार योग दिवस पर मंगलवार को गुजरात स्थित सोमनाथ धाम से योग की उद्घोषणा करेंगे। उन्होंने बताया कि 13 वर्ष पूर्व उन्होंने अपने गुजरात प्रवास के दौरान सोमनाथ धाम से योग का संदेश देने का सपना देखा था, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से मंगलवार को पूरा हो रहा है।
उनके साथ आचार्या प्रतिष्ठा और देवी प्रत्यक्षा भी गुजरात में रहकर योग कार्यक्रम का संचालन करेंगी। आचार्या प्रतिष्ठा गुजरात के बाद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 24 जून को कोरिया की राजधानी सियोल में होने वाले विश्व योग कांफ्रेंस में आईसीसीआर के आमंत्रण पर अपना संबोधन करेंगी। उधर, स्वामी भारत भूषण छत्रपति शाहूजी विश्वविद्यालय कानपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करके विश्वविद्यालय के साथ मोक्षायतन योग संस्थान के अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे। योगी भारत भूषण की गैर मौजूदगी में मोक्षायतन योग संस्थान के योगाचार्य और प्रशिक्षकों की टीम कई स्थलों पर बड़े कार्यक्रमों का संचालन करेगी। आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आजादी के 75 में साल में देश के 75 आइकॉनिक स्थलों पर होने वाले कार्यक्रमों की श्रंखला में हस्तिनापुर में आयोजित कार्यक्रम का संचालन मोक्षायतन योग संस्थान के अमित गर्ग व नितिन गर्ग करेंगे। सहारनपुर में होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में योगाचार्या अनीता शर्मा, पुरु वर्मा व सुमन्यु सेठ डॉ. आंबेडकर स्टेडियम, मंजू गुप्ता, डॉ. अशोक गुप्ता व सुनील शर्मा एयर फोर्स स्टेशन सरसावा में योग दिवस के दिन सामूहिक योगाभ्यास कराएंगे।