सहारनपुर। कोरोना संक्रमितों की संख्या के साथ ऑक्सीजन की किल्लत बढ़ रही है। अब प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता कम हो गई है। शहर के एक अस्पताल ने तो गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया है कि ऑक्सीजन की कमी के कारण कोविड के मरीज नहीं लिए जाएंगे।
दरअसल, रोजाना ही कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। सरकारी अस्पतालों के अलावा प्राइवेट अस्पतालों में कोविड मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। स्थिति यह है कि प्राइवेट अस्पतालों में आसानी से बेड नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कोविड मरीजों को ऑक्सीजन की दरकार है। दिल्ली रोड स्थाित सक्षम हॉस्पिटल की तरफ से दोपहर में एक नोटिस चस्पा कर दिया गया। उस पर लिखा, हमें अफसोस है, ऑक्सीजन की कमी की वजह से कोविड के मरीज नहीं लिए जाएंगे। पता चला कि इस अस्पताल में करीब 15 मरीज भर्ती हैं और शाम पांच बजे तक की ऑक्सीजन वहां बची हुई थी। इस कारण अस्पताल प्रबंधन को यह नोटिस चस्पा करना पड़ा। साथ ही अस्पताल प्रबंधन की तरफ से प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचना दी गई, ताकि ऑक्सीजन मुहैया हो सके। ऐसी ही स्थिति अन्य भी प्राइवेट अस्पतालों की बनी हुई है, जहां पर पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं हो रही है।