सहारनपुर। शहर के विभिन्न प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई को लेकर गड़बड़ी सामने आ रही है। कुम्हारहेड़ा ऑक्सीजन प्लांट से जितने सिलिंडर निकल रहे हैं, वह अस्पताल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में ऑक्सीजन की कालाबाजारी की भी आशंका बढ़ गई है। इसको लेकर प्रशासन ने जांच शुरू करा दी है।
शहर में कई प्राइवेट अस्पतालों में कोविड मरीजों का उपचार चल रहा है। वहां भर्ती मरीजों के लिए जितनी ऑक्सीजन की आवश्यकता है, उतनी मिल नहीं पा रही है। इन अस्पतालों को कुम्हारहेड़ा प्लांट से ऑक्सीजन आती है, जो एक फर्म के द्वारा अस्पतालों को सप्लाई कराई जाती है। प्राइवेट अस्पतालों में कम ऑक्सीजन पहुंचने का मामला बुधवार को दोपहर बाद पकड़ में आया। दिल्ली रोड स्थित वी ब्रोस अस्पताल के लिए प्लांट से 53 सिलिंडर लादकर वाहन चालक निकला, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने अपने यहां सिर्फ 15 सिलिंडर पहुंचना ही बताया। उसी वाहन को लेकर चालक शाम को फिर से 53
खाली सिलिंडर लेकर प्लांट पर पहुंच गया तो जांच शुरू हो गई कि आखिर सुबह जो 53 सिलिंडरों को वाहन चालक लेकर गया था, वह कहां पहुंचाए, जबकि यह सभी सिलिंडर वी ब्रोस अस्पताल पहुंचने थे। तहसीलदार सदर गोपेश तिवारी इस मामले की जांच करने में लगे हैं। ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर जाने वाले वाहन चालक से भी पूछताछ हुई है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार का कहना है कि प्रत्येक प्राइवेट अस्पताल को वहां भर्ती मरीजों की संख्या और जरूरत के मुताबिक प्रतिदिन ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है। वी ब्रोस अस्पताल में 53 सिलिंडर की जगह 15 सिलिंडर ही पहुंचने का मामला संज्ञान में आया है, इसकी जांच चल रही है। यदि किसी ने गड़बड़ी की है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।