तीतरों। रादौर गांव के निकट शनिवार शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार बाग ठेकेदार जनपद शामली के थाना गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के ग्राम फूंसगढ़ निवासी ऋषिपाल (50) की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह में भर्ती कराया।
ऋषिपाल ने रादौर निवासी विशाल के साथ आम का बाग ठेके पर लिया हुआ था। शनिवार को दोनों काम खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रादौर के पास पीछे से तेज गति से आई एक बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी गंगोह भेजा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। गंगोह क्षेत्राधिकारी शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। हादसे के जिम्मेदार बाइक सवार को तलाश किया जा रहा है।