सहारनपुर। जनसुनवाई में पहुंचीं सात शिकायतों में से गंदगी से संबंधित केवल एक शिकायत का तत्काल निस्तारण कराया जा सका। बाकी छह के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
वार्ड छह बालपुर निवासी दीपक कुमार ने मंदिर के पास नाली की सफाई कराने के लिए प्रार्थनापत्र दिया। इस पर अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार ने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक व सफाई मित्र को भेजकर सफाई कराई। वार्ड 43 सराय हिसामुद्दीन निवासी इसरार चौधरी ने डॉ. इस्माइल वाली गली में तथा वार्ड 16 साउथ सिटी निवासी शरद पंवार ने साउथ सिटी कॉम्पलेक्स में सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस पर क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को स्थलीय निरीक्षण कर सफाई कराने के निर्देश दिए।
वार्ड 48 आवास विकास निवासी कपिल हर्ष ने आवास विकास में हरि मंदिर के पास स्ट्रीट लाइट ठीक कराने, वार्ड 39 हिम्मत नगर निवासी भूप सिंह ने हिम्मत नगर में पाइपलाइन लीकेज ठीक कराने तथा वार्ड चार रामविहार कॉलोनी निवासी शिवकुमार ने कॉलोनी में नाले के ऊपर से अतिक्रमण हटवाने के लिए प्रार्थनापत्र दिया। इस पर संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इनके अलावा वार्ड 46 मोहित विहार निवासी राम अवतार गर्ग ने कॉलोनी से आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए प्रार्थनापत्र दिया। अपर नगर आयुक्त ने निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई कराने को कहा। जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार व सहायक नगरायुक्त जेपी यादव आदि रहे।