आईसीसीसी से संचालित व्यवस्थाओं के सम्बंध में जानकारी लेते एसएसपी आकाश तोमर
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। एसएसपी आकाश तोमर ने नगर निगम स्थित आईसीसीसी का भ्रमण किया। आईसीसीसी से कानून व्यवस्था तथा यातायात की सुविधा के लिए संचालित होने वाले सिस्टम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कमांड कंट्रोल सेंटर शुरू होने से पुलिस विभाग को काफी मदद मिलेगी।
एसएसपी आकाश तोमर बुधवार दोपहर नगर निगम स्थित आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर) पहुंचे और सेंटर के दोनों तलों पर संचालित व्यवस्थाओं को देखा। सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम व अधिशासी अभियंता यातायात अमनेंद्र गौतम ने जानकारी दी। एसएसपी ने जानना चाहा कि आईसीसीसी के क्या-क्या कम्पोनेंट (घटक) है। उन्होंने आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम ) तथा इमरजेंसी कॉल बाक्स आदि के संबंध में भी जानकारी ली।
सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने एसएसपी को बताया कि शहर में पीटी जेड और बुलेट कैमरे लगाए जाएंगे। पूरे शहर में 296 स्थानों पर करीब एक हजार कैमरे लगाए जाएंगे और 17 जंक्शन पर आईटीएमएस सिस्टम तथा शहर के प्रमुख चौराहों पर आठ पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे। मार्च तक सभी काम पूरा करा लिया जाएगा। एसएसपी ने आईसीसीसी की स्क्रीन पर विभिन्न चौराहों पर लगे कैमरों की मदद से यातायात का लाइव जायजा लिया। साथ ही कैमरों की जूम रेंज को भी देखा। उन्होंने आईसीसीसी सेंटर के शुभारंभ होने का समय जानने के अलावा डाटा स्टोरेज कितने समय तक रखा जा सकता है इसके संबंध में भी जानकारी ली। एसएसपी ने कहा कि निश्चय ही कमांड कंट्रोल सेंटर शुरू होने के बाद पुलिस को कानून व्यवस्था व यातायात नियंत्रण में काफी मदद मिलेगी। इस अवसर पर निगम के आईटी ऑफिसर मोहित तलवार व स्मार्ट सिटी के जेई जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।