सहारनपुर, नानौता। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे निर्माण के दौरान सड़क समतल कर रहे वाहन की चपेट में आकर सड़क पार करते हुए 60 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शुक्रवार दोपहर एक बजे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर सड़क समतल कर रहे ग्रेडर वाहन की चपेट में आकर वहां से पैदल गुजर रही सान्त्री देवी पत्नी महेंद्र निवासी मोहल्ला शेखजादगान नानौता गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल वृद्धा को परिजनों द्वारा राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद ग्रेडर चालक मौके से फरार हो गया।
नानौता थानाध्यक्ष चंद्रसेन सैनी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।