सहारनपुर। प्रत्येक मंगलवार की तरह नगर निगम में इस बार भी जनसुनवाई का आयोजन हुआ। तमाम विभागों के अधिकारियों के चार घंटे के इंतजार में मात्र तीन ही फरियादी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। इनमें से एक समस्या का तुरंत समाधान कराया गया, जबकि दो के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
वार्ड दो विजयनगर निवासी कुलदीप कुमार ने आवासीय क्षेत्र में पशुपालन और उसके कारण हो रही परेशानियों की ओर ध्यान दिलाया। उनके शिकायती पत्र के बाद पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया। वार्ड 46 नदीम कॉलोनी निवासी आसिफ ने कॉलोनी की बंद पड़ी लाइटों को ठीक कराने की मांग की। वार्ड 21 टैगोर गॉर्डन पेपर मिल रोड निवासी ऋषिपाल ने भी कॉलोनी की खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस पर अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव ने पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए।