गंगोह (सहारनपुर)। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने यमुना खादर में निर्माणाधीन पुल पर पहुंच ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य की समीक्षा की। साथ ही ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव दौलतपुर और हरियाणा के जिला करनाल क्षेत्र के गांव शेरगढ़ टापू के घाटों पर इंटर स्टेट कनेक्टिविटी योजना के तहत पुल का निर्माण पिछले 10 वर्षों से अधर में लटका पड़ा हुआ है। जबकि निर्माण कार्य पूरा करने की समाधि उस वक्त 24 माह की रखी गई थी। ठेकेदार ने पुल की बराबर में हरियाणा की ओर बनी सड़क में रेत के बोरे लगवा दिए थे। बरसात होने पर बोरों के साथ ही सड़क भी पानी के तेज बहाव में बह गई थी। भाकियू ने पुल की बराबर में पत्थर लगवाने की मांग को लेकर 14 दिनों तक गंगोह में धरना प्रदर्शन भी किया गया था, लेकिन उस वक्त उन्हें आश्वासन देकर टरका दिया गया। एक बार फिर ठेकेदार ने पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इससे पुल पर यात्रियों का आवागमन शुरू हो गया है। शुक्रवार को सहायक अभियंता नईम अहमद एवं नेम सिंह निर्माणाधीन पुल पर पहुंचे। उन्होंने ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य की समीक्षा की। साथ ही वहां मौजूद ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।