अंबेहटा में मतदान केंद्र का निरीक्षण करते चुनाव प्रेक्षक
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, निर्विघ्न, सकुशल एवं पारदर्शी कराने के लिए चुनाव प्रेक्षकों ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला प्रशासन से तैयारियों का बिंदुवार विवरण लिया।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित समस्त प्रभारी अधिकारियों ने प्रेक्षकों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन कराने की व्यवस्था, मतदान कार्मिकों की उपलब्धता एवं उनका प्रशिक्षण, उपलब्ध नये मतदाता पहचान पत्रों का संबंधित को प्रेषण, मतदान पार्टियों के रवानगी स्थल की जानकारी, ईवीएम एवं वीवीपैट की उपलब्धता एवं निरीक्षण, पुलिस कार्रवाई, सुरक्षा व्यवस्था संबंधी तैयारियों आदि की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेक्षकों ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि मतदाता प्रलोभन, शराब तस्करी आदि की घटनाओं पर कड़ी नजर रखें। शराब के गोदामों और दुकानों की नियमित रूप से चेकिंग कराएं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जाएगा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर अर्चना द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश मिश्र, पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार सहित समस्त प्रभारी निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।