सहारनपुर में स्वास्थ्य विभाग में पूर्व सीएमओ पर घोटाले के मामले में एफआईआर के आदेश का मामला अभी थमा भी नहीं था कि विभाग में एनआरएचएम से जुड़ा रिकॉर्ड गायब करने का बड़ा मामला सामने आया है।
स्वास्थ्य विभाग में रिकॉर्ड गायब होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। अभिलेखों को गायब करने की आग में विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी झुलसते नजर आ रहे हैं।
शासन से आई ऑडिट टीम पिछले पांच दिनों से स्वास्थ्य विभाग में डेरा डाले हुए है। कई मामलों की जांच करने पहुंची ऑडिट टीम विभाग में रिकॉर्ड तलाश रही है। लेकिन टीम के सदस्यों को रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। विभाग से कई सालों का रिकॉर्ड गायब कर दिया गया है।
शुरू के चार दिनों तक तो विभागीय कर्मचारी रिकॉर्ड को लेकर बहानेबाजी करते रहे और संबंधित अभिलेखों को किसी अन्य बाबू के अधीन होने की बात कहते रहे। लेकिन अब ऑडिट टीम के सामने कई वर्षों का रिकॉर्ड गायब होने की बात स्वीकार कर ली गई।
विभाग से रिकॉर्ड गायब होने की बात सामने आते ही हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों की मानें तो जो रिकॉर्ड गायब किया गया है उसमें एनआरएचएम से जुड़े अभिलेख शामिल है।
रिकॉर्ड गायब होने की बात सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। स्वास्थ्य विभाग में ऑडिट करने पहुंची टीम के एक सदस्य ने बताया कि विभाग से अभिलेख गायब करने के पीछे गड़बड़ी की आशंका है।
उनका कहना है कि विभाग से कई वर्षों का रिकॉर्ड गायब कर दिया गया है। गायब रिकॉर्ड में एनआरएचएम से जुड़े अभिलेख शामिल है। इस स्थिति से शासन को अवगत करा दिया गया है।