सहारनपुर। छात्रवृत्ति और प्रतिपूर्ति शुल्क के लिए अब छात्रों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। वेबसाइट पर बदलाव करने के बाद ऑनलाइन आवेदन के लिए 11 अगस्त तक तिथि बढ़ा दी गई है। छात्रों और शिक्षण संस्थाओं की दिक्कत को देखते हुए शासन ने यह निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल, पिछले दिनों शासन स्तर से समाज कल्याण विभाग ने छात्रवृत्ति और प्रतिपूर्ति शुल्क के लिए आवेदन करनी वाली वेबसाइट पर कई बदलाव किए थे। तब, फार्म भरने की अंतिम तिथि छह जून रखी गई थी। बदलाव के बाद जिले में अधिकतर शिक्षण संस्थाएं मास्टर डाटा फीड नहीं कर पाई थी। ऐसे में छात्रों की छात्रवृत्ति और प्रतिपूर्ति शुल्क मिलने पर संकट खड़ा हो गया था। इसको लेकर स्थानीय स्तर से शासन को पत्र भी भेजे गए। वहीं, कई छात्रों ने भी समाज कल्याण विभाग में इसकी शिकायत की। इसी को देखते हुए शासन ने आवेदन करने की तिथि 11 अगस्त तक बढ़ा दी है। इसके लिए शिक्षण संस्थाओं को पूरा समय दिया गया है। ताकि वह समय रहते छात्रों का ऑनलाइन आवेदन कर सकें। ताकि समय पर छात्रों को छात्रवृत्ति और प्रतिपूर्ति शुल्क मिल सके।
बदलाव की दी जा रही जानकारी
समाज कल्याण विभाग की ओर से वेबसाइट पर हुए बदलाव की जानकारी शिक्षण संस्थाओं को दी जा रही है। ताकि उनको मास्टर डाटा फीड करने में किसी तरह की दिक्कत न आए। इसको लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
जिले में शिक्षण संस्थाओं की संख्या
-- हाईस्कूल---- 353
-- इंटरमीडिएट स्कूल 239
-- आईटीआई और डिग्री कॉलेज 315
शासन ने तिथि को छह से बढ़ाकर 11 अगस्त कर दिया है। ताकि शत-प्रतिशत छात्रों के फार्म भरे जा सकें और उनको लाभ मिल सके। वेबसाइट पर हुए बदलाव की जानकारी भी शिक्षण संस्थाओं को दी गई है।
अर्चना, जिला समाज कल्याण अधिकारी