सहारनपुर। जिले में चल रही विकास योजनाओं की रफ्तार अब तेज होगी। सरकारी तंत्र के चुनाव में व्यस्त होने की वजह से कार्यों पर असर पड़ा था, लेकिन अब आदर्श आचार संहिता लगने से पूर्व शुरू हुए कार्यों में तेजी आएगी।
मनरेगा के तहत होने हैं कार्य
दो माह पूर्व मनरेगा के तहत 74 कार्य कराने की रूपरेखा तैयार की गई थी। इसके तहत जनपद के 11 विकास खंडों की 884 ग्राम पंचायतों में नए तालाब बनाए जाने हैं। इसके अलावा व्यापक स्तर पर पौधरोपण के लिए गड्ढे खोदे जाने हैं। जलभराव वाली जगहों को ठीक कराया जाना है। ग्राम पंचायतों में स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से नर्सरियां विकसित की जानी है। गांवों में व्यायाम स्थल बनाए जाने हैं। चकमार्ग, खड़ंजा और कई जगहों पर सीसी सड़कों का निर्माण होना है।
बायोगैस व सीएनजी की प्लांट पर कार्य होगा तेज
गोबर धन योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड में एक-एक प्लांट लगाकर गोबर से बायोगैस व सीएनजी बनाई जानी है। इसको लेकर जिले के विकासखंड रामपुर मनिहारान के गांव चकवाली और मुजफ्फराबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत कलसिया में जगह चिह्नित कर ली गई है, जिस पर प्लांट लगेंगे। चुनाव की वजह से यहां भी काम रुका हुआ था।
घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाएंगे
जनपद की 884 ग्राम पंचायतों में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाए जाने के लिए हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाई जानी है। इसको लेकर आचार संहिता लगने से पूर्व जल निगम और डीआरडीए द्वारा सर्वे कराया गया था, लेकिन चुनाव कार्यक्रम में सरकारी तंत्र के लगने के बाद कार्य शुरू नहीं हो पाया था। इस योजना को अब तेजी से पूरा कराए जाने पर फोकस किया जाएगा।
बनाई जानी है 800 पोषण वाटिका
जनपद में 3410 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिन पर पोषण वाटिकाओं का निर्माण कराया जाना है। इसके तहत बाल एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से 746 पोषण वाटिका बनाई गई हैं। इनके अलावा 800 पोषण वाटिकाएं ओर बनाई जानी हैं, जिनको अब मार्च तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
चुनाव में व्यस्तता के चलते ग्रामीण इलाकों में विकास कार्य प्रभावित हुए थे। कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगी थी। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद इन सभी कार्यों को अब तेजी से पूरा कराया जाएगा। इसको लेकर सभी विभागों को नोटिस जारी किया गया है।
- विजय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी