अब ममता, सुपोषण और किशोर दिवस मनेगा
सहारनपुर। अब हर रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान ममता दिवस, सुपोषण दिवस, और किशोरी दिवस मनाए जाएंगे। अब तक यह कार्यक्रम केवल आंगनबाड़ी केंद्रों तक सीमित था। इसके लिए बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहयोगी की भूमिका निभाएगा। इसमें गर्भवतियों को जानकारी देकर अभिभावकों की काउंसिलिंग की जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी ने बताया कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों पर हर माह पोषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें अभिभावकों की काउंसलिंग भी की जाएगी। मेले में एक मार्च को सुपोषण स्वास्थ्य मेला, 8 मार्च को किशोरी दिवस, 15 मार्च को ममता दिवस, 22 मार्च को सुपोषण दिवस व 29 मार्च को सुपोषण स्वास्थ्य मेले का आयोजन होगा।
मेले में मिलती है ये सुविधाएं
बुखार समेत मौसमी बीमारियों की जांच, गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण, दवा और पैथालॉजी की जांच नि:शुल्क, नि:शुल्क सेनेटरी नैपकीन वितरण, नसबंदी के लिए पंजीकरण, आंखों की नि:शुल्क जांच, क्षय रोग की जांच, परिवार नियोजन के अस्थायी साधन का नि:शुल्क वितरण, गर्भावस्था, प्रसवकालीन व जन्म पंजीकरण का परामर्श की सुविधा मिलेगी।