सहारनपुर। औचक निरीक्षण में मिली अनियमितताओं को लेकर छह चीनी मिलों को नोटिस जारी किए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इन मिलों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
दरअसल, चीनी मिलों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए गन्ना विभाग से लेकर अन्य अधिकारी मिल का औचक निरीक्षण करते हैं। इसमें मिल में किसानों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं से लेकर घटतौली आदि की जांच की जाती है, जिससे किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं सुचारू तौर पर मिलती रहें।
मौजूदा पेराई सत्र में भी सभी चीनी मिलों के मिल गेट, यार्ड से लेकर क्रय केंद्रों तक का औचक निरीक्षण किया गया।
इसमें निरीक्षण के दौरान दंडतुला नहीं मिलने, कांटा जांच पंजिका में जांच की प्रविष्टि नहीं मिलने, मानक बाट नहीं मिलने, टाेल फ्री नंबर की फ्लैक्सी नहीं मिलने जैसी अनियमितताएं पाई गईं। इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर जिलाधिकारी की ओर से छह चीनी मिलों को नोटिस जारी किए गए हैं।
चीनी मिलों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित मिल के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।