सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग ने विधानसभा चुनाव के लिए प्राइवेट बसों और कारों के अधिग्रहण के लिए 1629 वाहन स्वामियों को नोटिस भेजे हैं। निजी वाहन स्वामियों को चुनाव में अपने वाहन चालक समेत प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। इस संबंध में संबंधित थानों की पुलिस ये नोटिस वाहन स्वामियों को तामील करा रहे हैं। वाहन न देने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जनपद में दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। जिसमें मतदान कर्मियों के अलावा सुरक्षा बल के लिए भी वाहनों की जरूरत पड़ेगी। प्रशासन के पास इतने वाहन नहीं है। इसके लिए आरटीओ की ओर से 1629 निजी वाहन स्वामियों को नोटिस भेजे हैं। इनमें 654 बसें और 975 कार स्वामी शामिल है। आरटीओ की ओर से सभी नोटिस संबंधित थानों को उपलब्ध कराए गए है। थानों की पुलिस अपने क्षेत्र के वाहन स्वामियों को ये नोटिस रिसीव करा रही है।
आरटीओ प्रवर्तन राधेश्याम ने बताया कि विधानसभा चुनाव में 654 बस एवं मिनी बस की मांग जिला निर्वाचन कार्यालय ने की है। इसी प्रकार चुनाव में 975 कारों की आवश्यकता पुलिस एवं निर्वाचन कार्यालय को होगी। इस संबंध में वाहन स्वामियों को वाहनों के अधिग्रहण नोटिस भेजे गए हैं। ये सभी वाहन 11 फरवरी को कार पुलिस लाइन में और बस व मिनी बस महाराज सिंह डिग्री कालेज मैदान में ड्राईवर के साथ भेजने होंगे। आरटीओ ने बताया कि वाहन न देने वाले वाहन स्वामी के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 160 के अन्तर्गत एफआईआर दर्ज की जाएगी।