सहारनपुर में आदर्श आचार संहिता को लागू कर पाने में प्रशासन अब तक पूरी तरह सफल नहीं हो पाया है। प्रदेश के कृषि मंत्री की मौजूदगी में भाजपाइयों ने जुलूस निकाला और सड़कों पर जमकर आचार संहिता का उल्लंघन किया गया।
हालांकि जद्दोजहद के बाद जुलूस निकालने की अनुमति मिलने पर भाजपाइयों ने पुराने शहर के अलग-अलग सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट पर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद राघव लखनपाल शर्मा, विधायक देवेन्द्र निम और अन्य लोगों के साथ भाजपा प्रत्याशी संजीव वालिया ने नामांकन पत्र का सेट जमा कराया।
इस दौरान भाजपा के पार्षद प्रत्याशी भी साथ रहे। इस दौरान पूरा शहर घंटों जाम से जूझता रहा। उधर, अन्य दलों के प्रत्याशी बिना अनुमति ही जुलूस की शक्ल में नामांकन करने पहुंचे, मगर उन्हें भी किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की।
भाजपा प्रत्याशी संजीव वालिया ने पुल खुमरान स्थित अग्रवाल धर्मशाला से कलक्ट्रेट तक जुलूस की अनुमति ली थी। प्रशासन ने कुछ वाहनों के साथ जुलूस को कई टुकड़ों कर आगे बढ़ने की अनुमति दी।
इसके बाद प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद राघव लखनपाल शर्मा और पूर्व विधायक राजीव गुंबर के नेतृत्व में यह जुलूस निकाला गया। मगर, जुलूस कई टुकड़ों में होकर शहर के अन्य मार्गों पर भी चला और घंटाघर पर आकर एकसाथ हो लिया।
कलक्ट्रेट गेट पर आकर भाजपाइयों ने सड़क पर ही कब्जा जमा लिया। इसके बाद अंदर जाने को लेकर भी पुलिस से काफी नोकझोंक हुई। इस दौरान चुनाव प्रभारी विजयपाल तोमर, राहुल लखनपाल शर्मा, अमित गगनेजा, हेमंत अरोड़ा, अनिल शर्मा, शीतल विश्नोई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।