बेहतर स्वास्थ्य से बढ़कर कोई दौलत नहीं : सुमिता
सहारनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी सुमिता ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य से बढ़कर मनुष्य के लिए कोई दौलत नहीं हो सकती है। वह शुक्रवार को दिशा भारती कॉलेज में तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभाव विषय पर सेमिनार को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रही थीं।
सेमिनार में सुमिता ने कहा कि तंबाकू उत्पादों का सेवन कई गंभीर और लाइलाज बीमारियों को जन्म देता है। दुनिया में करीब 25 फीसदी लोग मुंह और गले के कैंसर तथा अस्थमा से पीड़ित हैं। ज्यादातर लोगों में इन बीमारियों की वजह तंबाकू उत्पादों का सेवन है। तंबाकू उत्पाद धीमा जहर के रूप में मनुष्य के शरीर को खोखला करता हैं।
उन्होंने बताया कि किस प्रकार सामाजिक और पारिवारिक परेशानियों से जूझते हुए लोग नशे की लत पाल लेते हैं। उन्होंने तंबाकू उत्पदों के उपयोग को नियंत्रित करने के लिए बने कानूनों की भी जानकारी विद्यार्थियों को दी। इससे पहले उन्होंने विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों, लोक अदालत कैसे कार्य करती आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का टोल फ्री नंबर साझा करते हुए सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। सेमिनार में यशपाल भाटिया, राजीव अग्रवाल, डॉ. कांशीराम शर्मा, डॉ. रंजना, शैैफाली, सुनील प्रजापति, प्रदीप कश्यप, निशांत सैनी, निशांत कपिल आदि मौजूद रहे।