सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जिले के छह थाना क्षेत्रों में नौ स्थानों पर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के चलते वहां के चिह्नित स्थानों को हॉटस्पॉट घोषित किया है। उन्होंने कहा कि जिले में लॉकडाउन की व्यवस्था पूरी तरह से सुदृढ़ करते हुए प्रभावी हॉटस्पॉट क्षेत्रों में कंटेनमेंट जोन की तरह सख्ती बरतनी जरूरी है। हॉटस्पॉट घोषित किए जाने वाले थाना क्षेत्र में देवबंद, सदर बाजार, गागलहेड़ी, मंडी, कोतवाली और जनकपुरी शामिल है।
डीएम की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि जिन स्थानों को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। उनमें थाना देवबंद क्षेत्र के सैनपुर एवं छींपीवाड़ा, थाना सदर बाजार क्षेत्र के प्रेम नगर एवं मकान नंबर ए/52 वाली गली पुराना आवास विकास, थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के भंगलो वाला मोहल्ला ग्राम हरियाबांस एवं तालाब वाला मोहल्ला, ग्राम खतौली गुर्जर, थाना मंडी क्षेत्र के तहत ओल्ड एसबीआई बैंक, आरएल भवन, चिलकाना चुंगी, थाना कोतवाली क्षेत्र के इंद्रापुरी, माली गेट और थाना जनकपुरी क्षेत्र के खान आलमपुरा को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में पुलिस कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, सफाई कर्मी, दैनिक आपूर्ति कर्मी एवं जिला प्रशासन की ओर से अनुमति प्राप्त व्यक्ति को छोड़कर अन्य सभी का आवागमन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि इन हॉटस्पॉट में जारी किए गए समस्त पास एवं अनुमति पत्र निरस्त कर दिए गए हैं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए है कि प्रभावित स्थानों पर हॉटस्पॉट नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।