देवबंद में समुदाय संचालित संपूर्ण स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को नगलीनूर गांव में ग्राम गौरव रथयात्रा निकाली गई। वहीं, ग्राम पंचायत नगलीनूर ने गांव में खुले शौचमुक्त शौचालय बनाकर विकास खंड क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त किया है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुनील कुमार यादव ने फीता काटकर किया। समुदाय संचालित संपूर्ण स्वच्छता कार्यक्रम की टीम ने मंगल गीत गाए। यादव ने ग्रामीणों को खुले में शौच न करके शौचालय प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया। सहायक विकास खंड अधिकारी (पंचायत) हरिदत्त प्रसाद शर्मा ने कहा कि खुले में शौच करने से बीमारियां पनपती हैं। इसलिए खुले में शौच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगलीनूर गांव शौचमुक्त बन गया है, जिसे ब्लाक में पहला स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में सराहनीय योगदान देने के लिए पूर्व प्रधान ऋषिपाल को सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्वच्छता प्रेरक संदीप कुमार, संजय, अरुण त्यागी, जौनी त्यागी, सुभाष कुमार, सहेंद्र सिंह, जयभगवान आदि मौजूद रहे।