नवजात बच्ची की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। कस्बे के बुग्गावाला रोड पर स्थित एक अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात बच्ची की तबीयत खराब होने के बाद सहारनपुर के लिये रेफर कर दिया। नवजात ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पीड़ित पिता ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव टांडा मानसिंह निवासी संजीव कुमार ने अपनी पत्नि शालू को कस्बे के बुग्गावाला रोड स्थित एक अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया। जहां शनिवार की देर रात शालू ने बच्ची को जन्म दिया। उसके बाद बच्ची की तबीयत अचानक खराब हो गई। हालत गंभीर होने पर नवजात बच्ची को सहारनपुर के लिये रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक बच्ची ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पीड़ित पिता ने थाने पर दी तहरीर में चिकित्सकों पर लापरवाही और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित महिला के पति ने थाने पर तहरीर दी है। इस संबंध में सीएमओ को रिपोर्ट भेजी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग से जांच कराई जाएगी। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।