सहारनपुर। शिक्षा की दशा और दिशा तथा गुणवत्ता के फीडबैक जानने के लिए भारत सरकार सरकारी और सभी बोर्ड के गैर सरकारी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों तथा मदरसों का सर्वे करा रही है। इसे नेशनल अचीवमेंट सर्वे का नाम दिया गया है। जिला स्तर पर डायट प्राचार्य को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
जनपद में 220 से अधिक विद्यालयों और मदरसों का सर्वे 12 नवंबर यानी कल होगा। सर्वे को लेकर राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के निदेशक डॉ. सर्वेंद्र बहादुर सिंह की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक और डायट प्राचार्य को पत्र लिखकर सर्वे के लिए निर्देशित किया गया है। चूंकि डायट प्राचार्य राज सिंह यादव को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। ऐसे में 12 नवंबर के सर्वे के लिए उनकी ओर से भी जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त को पत्र लिखकर नेशनल अचीवमेंट सर्वे के लिए विद्यालयों की सूची देने को कहा है, जिनका सर्वे किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से 220 से अधिक सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों तथा मदरसों की सूची डायट प्राचार्य को सौंपी गई है, जिनका सर्वे कल यानी 12 नवंबर को होगा।
सर्वे के दिन सूची में शामिल विद्यालयों के लिए निर्देश
-सर्वेक्षण कार्य के लिए चयनित विद्यालय प्रात: 7:30 बजे खुलेंगे तथा सर्वेक्षण के लिए प्रधानाचार्य सर्वेक्षण टीम को सहयोग करेंगे।
-विद्यालय में विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति रहेगी।
-सभी अधिकारियों, एसआरजी, एआरपी और स्कूल शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह 12 नवंबर को अपने फोन बंद न रखें।
नेशनल अचीवमेंट सर्वे के लिए विद्यालयों और मदरसों की सूची डायट प्राचार्य को सौंप दी गई है। सर्वे 12 नवंबर को होना है, जिसके लिए सूची में शामिल विद्यालयों और मदरसों को भी निर्देश दिए जा चुके हैं।
रवि दत्त, जिला विद्यालय निरीक्षक।
भारत सरकार विद्यालयों और मदरसों की शिक्षा व्यवस्था का फीडबैक ले रही है, जिसके लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे 12 नवंबर को होना है, जिसके लिए हमारे स्तर से तैयारी पूर्ण कर ली गई है।
राजसिंह यादव, नोडल अधिकारी/डायट प्राचार्य।