सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में पुलिस ने शुक्रवार को नंदपुर और नयागांव में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर शराब की कसीदगी और बिक्री पकड़ी। नयागांव के एक घर में ही भट्ठी चलती मिली।
जबकि नंदपुर में घरों से कच्ची शराब की थैलियां बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान एक भी आरोप पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। बता दें कि कच्ची शराब के खिलाफ गांव नंदपुर की महिलाओं ने 15 दिन से मोर्चा खोल रखा है।
इस दौरान महिलाएं पांच बार एसडीएम को शराब की कसीदगी और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन दे चुकी हैं। उनका आरोप है कि पुलिस गांव में जाती है लेकिन खानापूर्ति करके वापस लौट जाती है।
इन्हीं आरोपों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं 15 सितंबर को एसएसपी से मिली और उन्होंने पूरे प्रकरण से अवगत कराया गया। एसएसपी के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस हरकत में आई। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ एसओ गांव नंदपुर पहुंचे।
शिकायत पत्र में अंकित किए गए एक दर्जन घरों में पुलिस ने छापामारी की। जहां से पुलिस को कच्ची शराब की थैलियां मिलीं। हालांकि इस कार्रवाई में आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। एसओ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छापामारी के दौरान मकान मालिक घर छोड़कर फरार हो गए। वहां सिर्फ महिलाएं ही मिली। इसके बाद नया गांव में छापामारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। एक घर में चलाई जा रही भट्ठी पकड़ी। वहां लाहन से भरे पांच ड्रम बरामद हुए। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए। एसओ ने बताया कि कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।