सहारनपुर के नानौता में शाकंभरी देवी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली में रोडवेज बस की टक्कर हो गई। इससे ट्रॉली में सवार आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी नानौता भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर एक श्रद्धालु को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शामली जिले के थाना थानाभवन क्षेत्र के ग्राम देवीपुर से ग्रामीण बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर माता शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए गए थे। रात करीब दस बजे श्रद्धालु की ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर गांव लौट रहे थे।
नानौता क्षेत्र में सहारनपुर-दिल्ली हाईवे पर स्थित होली होम स्कूल के पास सहारनपुर की ओर से तीव्र गति से आ रही एक रोडवेज बस ने ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इस दौरान बस की टक्कर लगने से ट्रॉली में सवार श्रद्धालु उछल कर सड़क पर गिर गए। उनमें चीख पुकार मच गई। हादसे में विपुल पुत्र विनोद, सूरत पुत्र कालूराम, लख्मीचंद, अभिषेक पुत्र महेंद्र, संगीता पत्नी अनुज, सीतलो पत्नी जगदीश, मोहित पुत्र सुभाष, हरवीर पुत्र राम सिंह निवासीगण ग्राम देवीपुर थाना थानाभवन गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी नानौता पर प्राथमिक उपाचार के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां सूरत सिंह पुत्र कालूराम को मृत घोषित किया गया।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया। मृतक सूरत के पुत्र सुरेंद्र ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।