सहारनपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के तहत नगर के लोगों से स्वच्छता पर फीडबैक लिया जाना है। नगर निगम ने एक लाख लोगों से फीडबैक लेने का लक्ष्य रखा है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए कूड़ा मुक्त शहर (जीपीसी) के लिए जुड़ी विभिन्न एजेंसियों और सफाई कर्मियों से सहयोग लिया जाएगा। सोमवार को जनमंच प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में नगरायुक्त ने सर्वेक्षण और फीडबैक के संबंध में जानकारी दी।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण में शामिल सफाई कर्मचारियों, सफाई नायकों और निरीक्षकों से कहा कि सफाई कार्य राष्ट्रहित के साथ ही हमारे खुद के हित का कार्य है। जहां स्वच्छता है वहां कोई बीमारी नहीं है। उन्होंने सर्वेक्षण में पहले नंबर पर लाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि एक माह का समय हम सबके लिए अग्नि परीक्षा का समय है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की रैंकिंग में हमें लंबी छलांग लगाने के लिए हमें अपनी कार्य संस्कृति को बदलना होगा। उन्होंने सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग लेकर एमआरएफ सेंटरों तक पहुंचाने को कहा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गीतारामने फीडबैक के संबंध में जानकारी दी और सहयोग की अपील की। इस मौके पर सहायक नगरायुक्त संजय कुमार भी मौजूद रहे।
गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूला
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रवर्तन दल को साथ लेकर गंदगी के खिलाफ अभियान चलाया। देहरादून बस अड्डा पर गंदगी फैलाने वाले होटलों से 25600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम में प्रवर्तन दल प्रभारी बीएस नेगी, नरेशचंद, हेमराज, प्यार सिंह, प्रदीप, प्रवीन, संदीप, महेश राणा, नत्थीलाल आदि शामिल रहे।
सफाई प्रहरियों ही ने फैला दी गंदगी
जनमंच में आयोजित कार्यक्रम में बुलाए गए करीब दो हजार सफाई कर्मियों के लिए जलपान की व्यवस्था जनमंच परिसर में की गई थी। कार्यक्रम के बाद सफाई कर्मियों और स्वच्छता से जुड़े एनजीओ के सदस्यों ने चाय बिस्कुट का आनंद लिया, मगर कचरा डस्टबिन में डालने की बजाय खुले में फैला दिया। यानी नगरायुक्त द्वारा जनमंच प्रेक्षागृह के भीतर करीब डेढ़ घंटे तक दी गई सफाई अपनाने की सलाह चंद मिनट भी दिमाग में नहीं रही। आलम यह रहा कि जनमंच परिसर में जगह-जगह बिस्कुट के रैपर और चाय के खाली गिलास बिखरे नजर आए। इसके अलावा जिन पॉलिथीन में गिलास और बिस्कुट आए थे वह भी परिसर में बिखरी नजर आई। चाय के बाद करीब आधे घंटे बाद जनमंच परिसर लोगों से खाली हो गया और बाकी रह गया स्वच्छता के प्रहरियों द्वारा फैलाई गई गंदगी।
जनमंच में आयोजित कार्यशाला में विचार रखते नगर आयुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह- फोटो : SAHARANPUR