रेलवे रोड़ से अतिक्रमण हटाती निगम की जेसीबी
- फोटो : SAHARANPUR
नगर निगम की टीम ने रेलवे रोड से हटाया अतिक्रमण
सहारनपुर। नगर निगम के अतिक्रमण रोधी दस्ते ने बृहस्पतिवार को रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उन्होंने सड़क पर बनाए गए थलों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त करा दिया। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दुकानों के बाहर अतिक्रमण किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की अतिक्रमण रोधी दस्ते ने रेलवे रोड पर अग्रसेन चौक से घंटाघर तक करीब 40 दुकानों के सामने बने थले जेसीबी से ध्वस्त करा दिए। इस टीम के प्रभारी दानिश नकवी रहे। दानिश नकवी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान रेलवे रोड मशीनरी एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी वार्ता हुई। यह कार्रवाई एसएसपी एवं नगरायुक्त के निर्देश पर की गई है। इस बात पर भी सहमति बनी कि भविष्य में कोई भी दुकानदार सड़क पर सामान नहीं रखेगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी दुकानदार का सामान बाहर पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रेलवे चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर जयसिंह भाटी सहित पुलिस बल और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी एवं उनकी टीम मौजूद रही।