सहारनपुर। नगर निगम के अतिक्रमणरोधी दस्ते ने शनिवार को हकीकतनगर में लगभग दो दर्जन दुकानों के सामने से स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण हटाया। नगर निगम पूर्व में अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दे चुका था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाने के बाद निगम अधिकारियों को जेसीबी लेकर पहुंचना पड़ा। ।
अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि हकीकतनगर के अनेक दुकानदारों द्वारा नाले पर अतिक्रमण कर नाला अवरुद्ध किया गया था। व्यापार मंडल की बैठक में कुछ व्यापारियों द्वारा नगरायुक्त के समक्ष मामला उठाने के अलावा मंडलायुक्त के साथ व्यापारियों की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने जब स्वयं जाकर जांच की तो पाया गया कि एक-दो दुकानदारों द्वारा नहीं बल्कि बड़ी संख्या में दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर रखा है।कई बार समझाने और चेतावनी के बाद भी दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। ऐसे में निगम को जबरन अतिक्रमण हटाना पड़ा। अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एचबी गुरुंग और उनकी टीम भी मौजूद रही।