रामपुर मनिहारान। रामपुर मनिहारान में शिवपुरी से गुजर रहे रेडी रजवाहे की करोड़ों की लागत से बन रही दीवारों के निर्माण कार्य का विधायक देवेंद्र निम ने निरीक्षण किया। विधायक ने दीवार के अंदर पेड़ लिए जाने और छह माह पूर्व नगर पंचायत द्वारा बनाई गई सीसी सड़क में गड्ढे मिलने पर गहरी नाराजगी जताई।
भाजपा विधायक ने चौधरी संजय चेयरमैन, चौधरी ब्रह्मपाल सिंह, अक्षय पंवार के साथ निर्माणाधीन दीवारों का निरीक्षण किया। उन्हें दीवार कई जगह खराब मिली, साथ ही निर्माणाधीन नई दीवार के अंदर पेड़ लिए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस दौरान लोगों ने दीवार के निर्माण के वक्त पुलिया टूटने पर भी उसे सिंचाई विभाग द्वारा न बनाने की समस्या रखी। उन्होंने रजवाहे पटरी सड़क पर रखे ट्रांसफार्मर को पीछे करवाने की मांग भी की। विधायक ने छह माह पूर्व नगर पंचायत द्वारा 40 लाख रुपए की लागत से बनाई गई सीसी सड़क के कई जगह से टूटने पर कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान विधायक ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर नागरिकों की समस्याओं के निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।