सहारनपुर। सीएम ग्रिड योजना के फेज-2 में बन रही सड़क में सीवर कार्य को लेकर नगर आयुक्त ने स्पष्टीकरण तलब किया है, साथ ही उन्होंने भविष्य में किसी भी परियोजना को अंतिम रूप देने से पहले तीन स्तरीय निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। वह बुधवार को निर्माणाधीन स्मार्ट रोड का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जानना चाहा कि यदि जलकल विभाग द्वारा पूर्व में यह कहा गया था कि परियोजना में सीवर संबंधी किसी अन्य कार्य की जरूरत नहीं है तो अब अतिरिक्त सीवर कार्य की जरूरत किन परिस्थितियों में पड़ रही है।
उन्होंने इसका कारण, तकनीकी औचित्य और अभिलेखीय तथ्यों के साथ स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने भविष्य में किसी भी परियोजना को अंतिम रूप देने से पहले तीन स्तरीय जांच कराने को कहा, जिससे बाद में कोई परेशानी न आए।
इस दौरान उन्होंने कार्य प्रगति, गुणवत्ता और विभिन्न विभागों के समन्वय एवं प्रस्तावित वैरिएशन/डेविएशन का परीक्षण भी किया।
उन्होंने श्रमिकों की संख्या व अन्य संसाधन बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, सहायक अभियंता मदनपाल व अवर अभियंता अनुज कुमार के अलावा कार्यदायी संस्था के अधिकारी रहे।