सिद्धपीठ क्षेत्र में माता के दर्शनों को लगी श्रद्वालुओं की कतार
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। सिद्धपीठ शांकभरी देवी में श्रद्धालुओं ने घंटों लंबी कतार में लगकर जगत जननी मां जगदंबा के दर्शन कर परिवार एवं देश की सुख समृद्धि की कामना की।
शनिवार को तीसरे शारदीय नवरात्र को सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में श्रद्धालुओं की भारी उमड़ पड़ी। सुबह 10 बजे तक भक्तों की लंबी कतार शाकंभरी पुलिस चौकी तक जा पहुंची। 12 बजे दोपहर तक श्रद्धालुओं की यह लाइन जिला पंचायत के रैन बसेरा तक जा पहुंच गई थी। सिद्धपीठ में पड़ोसी राज्य हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड के साथ ही पश्चिमी यूपी के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हालांकि अधिकतर श्रद्धालुओं की भीड़ प्रथम नवरात्र के बाद अष्टमी एवं उसके बाद ही उमड़ती थी, परंतु विगत वर्ष में कोरोना के चलते कम श्रद्धालु ही सिद्धपीठ पहुंच पाए थे। ऐसे में इस बार नवरात्र के शुरूआती दिनों में भी भारी भीड़ पहुंच रही है। भूरादेव मंदिर पर प्रथम दर्शन के साथ ही भक्तों की टोलियां शंकराचार्य आश्रम में पहुंच भैरव तंत्राचार्य संत सहजानंद ब्रह्मचारी जी से भी आशीर्वाद प्राप्त कर रही हैं। संवाद