सहारनपुर में सड़क हादसे ने मां और बेटी की जान ले ली, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी पहुंच गए, जो बिना पोस्टमार्टम कराए मां और बेटी के शव को अपने साथ ले गए।
उधर, जिला अस्पताल मेें भर्ती दोनों घायलों चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। नागल क्षेत्र के गांव बेहड़ा जुनारदार निवासी मुस्तकीम की पत्नी शाहिन, आठ वर्षीय बेटी मिस्बाह और भतीजी गुलिस्ता बुधवार की सुबह आरहम (मुस्तकीम) के साथ बाइक से सहारनपुर आ रहे थे।
पूर्वाह्न करीब 11 बजे जैसे ही वह टपरी रेलवे फाटक के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर के अगले दोनों पहिए अचानक निकल गए। पहियों की चपेट में आने से बाइक सवार चारों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में शाहिन की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से बाकी तीनों को जिला अस्पताल भेजा, मगर रास्ते में मिस्बाह ने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी पहुंच गए। वह बिना पोस्टमार्टम कराए दोनों शवों को अपने साथ ले गए।
गंभीर रूप से घायल आरहम पुत्र इस्माइल और गुलिस्ता पुत्री काला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों उनकी हालत को गंभीर मानते हुए दोनों को रेफर कर दिया।
एक साथ दो मौत होने से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली प्रभारी सीपी कठेरिया ने पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर न दिए जाने की बात कही है।