संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर आगे की रणनीति को लेकर मस्जिद कमेटी ने विचार विमर्श किया। हाईकोर्ट में रिट दाखिल करने के मामले में प्रबंधन पक्ष हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं का पैनल तैयार किया जा रहा है। आगामी एक-दो दिन में रिट दाखिल कर दी जाएगी।
मस्जिद प्रबंधन कमेटी के अधिवक्ता बाबर वसीम ने बताया कि कलक्ट्रेट मस्जिद मामले को लेकर हाईकोर्ट में अपनी बात को मजबूती से रखा जाएगी। साथ ही अतिरिक्त साक्ष्यों को भी अदालत के समक्ष रखने की तैयारी है। जल्दी ही रिट दाखिल की जाएगी। इसके लिए कमेटी प्रबंधन प्रयागराज हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं का पैनल तैयार कर रहा है। इसके साथ ही तमाम कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।
बता दें, कि कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के खिलाफ पीपी एक्ट में 24 मार्च 2025 को सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में वाद दायर किया गया था। इसके बाद 16 जुलाई 2026 को फैसला मस्जिद पक्ष के खिलाफ आया। मस्जिद प्रबंधन पक्ष ने जिला जज की अदालत में अपील दाखिल की थी जिसे अदालत ने दो सितंबर को खारिज कर दिया था। इसके बाद पांच सितंबर को प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई। इतनी कम अवधि में ध्वस्तीकरण पर मस्जिद प्रबंधन पक्ष के साथ विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं।