नानौता-महंगी मार्ग पर मजदूरों की समस्याएं सुनती मनरेगा लोकपाल।
- फोटो : SAHARANPUR
तीतरो (सहारनपुर)। मनरेगा योजना के तहत मजदूरों का समय पर भुगतान न किये जाने तथा रोजगार मुहैया न कराने की शिकायत पर मनरेगा लोकपाल ने कार्य स्थल पर जाकर मजदूरों की समस्या सुनी। रोजगार सेवक के द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर चेताते हुए सुधार करने की नसीहत दी।
गौरतलब है कि क्षेत्र नानौता-गंगोह मार्ग पर महंगी के पास सड़क पर लोक निर्माण विभाग की ओर से मनरेगा योजना के अंतर्गत सड़क के किनारे पर सफाई कार्य के लिए मनरेगा मजदूरों से कार्य कराया जा रहा है। एक माह पूर्व मनरेगा के मजदूरों ने योजना के तहत रोजगार सेवक पर अनियमितता बरतने व भुगतान न किए जाने को लेकर एक शिकायत मनरेगा लोकपाल सुनीता चौधरी को भेजी थी। मनरेगा मजदूरों की समस्याओं को लेकर कार्य स्थल पर पहुंची लोकपाल सुनीता चौधरी ने मनरेगा मजदूरों से बात कर उनकी समस्याओं को सुना। मजदूरों ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान मनरेगा योजना हमारे लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। निरीक्षण के दौरान लोकनिर्माण विभाग के मैट मुकेश कुमार ने बताया कि आज अभी तक 24 मजदूर ही कार्य पर आये हैं, जबकि मस्टररोल काफी मजदूरों के नाम से जारी किया गया था। निरीक्षण के दौरान पाया कि मस्टररोल पर मजदूरों की उपस्थिति भरी नहीं गई है जबकि सरकारी रजिस्टर के बजाय मजदूरों की उपस्थिति एक अन्य रजिस्टर में ली गई पायी गई। मजदूरों ने बताया कि हमारे जाब कार्ड पर भी उपस्थिति दर्ज नही की जाती है, जिससे हमारी मजदूरी के कम होने की समस्या बनी रहती है तथा पिछले कार्य की मजदूरी का भुगतान भी समय पर नही किया जा रहा है। मजदूरों की हाजिरी मसटरोल मे न लिए जाने पर लोकपाल ने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा इस तरह अनियमिता न बरतने के लिए चेतावनी दी गई । वही मनरेगा लोकपाल सुनीता चौधरी ने बताया कि जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।