अंबेहटा में नवविवाहिता की मौत के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
अंबेहटा (सहारनपुर)। कस्बे के मोहल्ला कोटला में एक विवाहिता का शव कमरे में पंखे पर फंदे से लटका मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। विवाहिता के पिता ने विवाहिता के पति और सास सहित तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चिलकाना के मोहल्ला मजहर हसन निवासी इरफान पुत्र बुंदू कुरैशी ने पुलिस में दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री बीस वर्षीय मुस्कान का निकाह दो माह पूर्व अंबेहटा के मोहल्ला कोटला निवासी जावेद पुत्र छोटन से मुस्लिम रिवाज के साथ किया था। इरफान ने बताया कि निकाह में उसने अपनी हैसियत से ज्यादा दान दहेज दिया था। परंतु उसका दामाद उसके संतुष्ट नहीं हुआ इसी कारण वह उसकी पुत्री को निकाह के बाद से ही कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लगा। इरफान ने बताया कि वर्तमान में उसका दामाद बुलेट मोटर साइकिल लाने का दबाव उसकी पुत्री पर बना रहा था। उसकी पुत्री द्वारा इसके लिए असमर्थता जताई गई तो उसके दामाद ने अपने साथी चिलकाना के सद्दाम पुत्र नौशाद और मां फुल्लो पत्नी छोटन के साथ मिलकर सात अगस्त की रात उसकी पुत्री की गला घोटकर हत्या कर दी। विवाहिता की मौत की सूचना पाकर कोतवाल सुशील कुमार सैनी, चौकी प्रभारी नरेश सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे तथा जानकारी हासिल की। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल सुशील कुमार सैनी ने कहा कि पति और सास सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है। कोतवाल ने बताया कि मृतका के गले पर निशान मिले हैं।