क्रय केंद्र पर खुले में रखा गेहूं देख विधायक ने जताई नाराजगी
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गेहूं खरीद को लेकर किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने बृहस्पतिवार को गांव सबदलपुर बीतिया में लगे सहकारी क्रय-विक्रय समिति के गेहूं खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जहां खुले आसमान के नीचे रखी गेहूं की बोरियों को देख उनका पारा चढ़ गया।
केंद्र पर पहुंचे विधायक देवेंद्र निम ने खुले आसमान के नीचे बिना तिरपाल से ढके पड़े गेहूं को देख नाराजगी जताई। केंद्र पर बारदाना न होने, किसानों के गेहूं का तौल न करने की समस्याओं को लेकर उन्होंने मौके से ही जिला खाद्य अधिकारी प्रिंस चौधरी से बात की। विधायक ने प्रिंस चौधरी से कहा कि जिन क्रय केंद्रों पर बारदाना नहीं है, वहां बारदाना उपलब्ध कराया जाए। खुले आसमान के नीचे रखे गेहूं को बारिश के मौसम के मद्देनजर तिरपाल से ढका जाए। देवेंद्र निम ने कहा कि सरकार किसानों की समस्या को लेकर गंभीर है। यदि कहीं गेहूं खरीद को लेकर कोई समस्या आ रही है तो उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार विरोधी कुछ लोग दुष्प्रचार कर सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर हैं। संवाद