संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिक व जिला प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्यक्ष, राज्यमंत्री दिनेश प्रताप, राज्यमंत्री राकेश कुमार राठौर सर्किट हाउस में जनता दर्शन के दौरान जिले में हवाई अड्डा संचालित करने के बारे में बताया। इस पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विवेक मनोचा और महामंत्री सुरेंद्र मोहन चावला ने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री जी, आप हवाई अड्डे की बात कर रहे हो, यहां तो लोग बस अड्डे को तरस रहे हैं। यहां हवाई अड्डा नहीं, रोडवेज बस अड्डा चाहिए। यह बात सुनकर मंत्रियों ने बस अड्डे के बारे में जिलाधिकारी व संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान विवेक मनोचा और सुरेंद्र मोहन चावला ने मंत्रियों को बताया कि अंबाला रोड स्थित बस स्टैंड को नगर निगम ने खाली करा लिया। उसकी जगह मानकमऊ में बस अड्डा बना दिया। यहां से बसों के संचालन में दिक्कत होने की वजह से परिवहन निगम ने बस अड्डा संचालित नहीं किया। शहर में रेलवे रोड पर सड़कों से और कांशीराम कॉलोनी से बसों का संचालन हो रहा है, जिस वजह यात्री गर्मी में बसों की इंतजार में रोजाना भटकते हैं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर विकास कार्यों में बेहद पिछड़ा हुआ है। व्यापारिक दृष्टि से सहारनपुर पश्चिमी यूपी का महत्वपूर्ण जिला है, लेकिन यहां सुविधाएं नहीं हैं। नगर निगम का बोर्ड गठित हुए पांच साल पूरे होने वाले हैं। स्मार्ट सिटी योजना में सहारनपुर शामिल है, लेकिन टूटी सड़कें, अतिक्रमण और बदहाली स्मार्ट सिटी की पहचान बन गई है। उन्होंने मंत्री से कहा कि वह शहर का दौरा करके देखेंगे तो पता लग जाएगा विकास के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हुई है। जाम की समस्या से शहर दशकों से जूझ रहा है। ट्रैफिक सिग्नल भी अव्यवस्थित रूप से लगाए गए हैं, जो चालू ही नहीं हो पाए हैं। क्योंकि, ट्रायल में ही योजना फेल हो गई थी। उन्होंने दिल्ली-शामली हाईवे के कार्यों को पूरा कराने और मेडिकल कॉलेज व सरकारी अस्पतालों सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। ताकि लोगों को दूसरे शहरों में जाकर इलाज न कराना पड़े। इस दौरान अशोक छाबड़ा, किशन लाल ठक्कर, आरके मल्होत्रा, गुलशन अनेजा, नीरज जैन मौजूद रहे।
----------------
उजड़ जाएंगे 50 घरों के परिवार
पेपर मिल के निकट रहनी वाली महिमा सिंह ने मंत्रियों को बताया कि टपरी मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण को लोक निर्माण विभाग ने उनके मकानों तोड़ने के लिए चिह्नित किया है। ऐसे करीब 50 मकानों को तोड़ने की बात अधिकारी कह रहे हैं। इन मकानों निवास करने वाले करीब दो हजार लोग बेघर हो जाएंगे। एक तरफ सरकार लोगों को घर देकर बसाने की बात कर रही है। वहीं, सड़क चौड़ीकरण के नाम पर उनके मकान तोड़ने की योजना बनाकर उत्पीड़न किया जा रहा है। मंत्रियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
वहीं, धार्मिक स्थल पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए चिलकाना क्षेत्र के धौलाहेड़ी निवासी पवन, सुरेश, लक्ष्मीचंद, राजबीर ने मंत्रियों को प्रार्थना पत्र सौंपा। इनके अलावा वार्ड 39 पार्षद प्रदीप उपाध्याय ने ज्ञापन देकर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि जनसंघ के संस्थापक पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर सहारनपुर के किसी चौराहे का नाम रखा जाए। इसके अलावा क्षेत्रवासियों की अनेक समस्याओं के समाधान की मांग की।