सहारनपुर। केंद्र में भाजपा सरकार के 12 साल पूरे होने पर जनपद के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने किसान सम्मान निधि से लेकर, उज्ज्वला योजना और गन्ना मूल्य भुगतान सहित सभी बिंदुओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2014 में शपथ ग्रहण करने के बाद 140 करोड़ जनता से जो वादा किया था कि वह प्रधानमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि प्रधान सेवक के रूप में काम करेंगे। उन्होंने इसे सार्थक किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद के 22,300 किसानों को किसान सम्मान निधि से लाभान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 11.85 लाख रुपये की धनराशि से 2,036 किसानों को फायदा पहुंचा है।
2014 से अब तक किसानों को 17,962 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जनपद में 16,500 परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन और सिलिंडर उपलब्ध कराए गए हैं। इनके अलावा 5,90,000 परिवारों के राशन कार्ड बनवाए गए हैं। कन्या विवाह योजना में 86.34 करोड़ की धनराशि से 8,613 पात्रों को लाभान्वित किया गया। 880 ग्राम पंचायतों में 50.99 करोड़ रुपये से सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 2014 से अब तक 11,414 स्वयं सहायता समूह का गठन कर 60.8 करोड़ की आर्थिक सहायता दी गई।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, नगर विधायक राजीव गुंबर, विधायक मुकेश चौधरी, किरत सिंह, देवेंद्र निम, महापौर डॉ. अजय कुमार सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।