नानौता। यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड वार्ड में कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश चिकित्सकों को दिए। मंत्री के निरीक्षण के दौरान अप्रशिक्षित अपने क्लीनिक बंद कर कुछ समय के लिए भाग गए ।
शुक्रवार को सहारनपुर के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही सीएसची नानौता पहुंचे। जहां उन्होंने कोविड-19 लेवल वन अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोविड अस्पताल में भर्ती रोगियों का उपचार पूरी तत्परता से करने को कहा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में आक्सीजन की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। भरपूर मात्रा में दवाइयां उपलब्ध हैं। कोविड मरीजों के उपचार में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने रोगियों को मिल रहे खाने की गुणवत्ता को परखा। साथ ही उनके बिस्तर की साफ सफाई और चिकित्सीय टीम के उनके साथ व्यवहार की जानकारी ली।
इस दौरान सीएमओ डा. बीएस सोढ़ी, गंगोह विधायक चौ. कीरत सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, डीसीडीएफ चेयरमैन कृष्ण कुमार पुंडीर, जिलाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सैनी, सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चमन सिंह, फार्मेसिस्ट नरेन्द्र पंवार, राजेन्द्र सिंह नेगी, अजय चौधरी, लैब टेक्नीशियन तिरसपाल सिंह आदि रहे।