सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज में आयोजित मिनी ओलंपिक का सोमवार को समापन हो गया। इससे पहले अंतिम दिन महिलाओं के बीच बास्केटबाल मुकाबलों और योग शो का आयोजन किया। समापन पर मुख्य अतिथि रहे डीजी राजीव गुप्ता ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
बास्केटबाल के दो पूल में लीग कम नॉक आउट मैच खेले गए। पूल-ए में स्ट्रीट बॉलर यमुनानगर तथा पूल-बी में जेवी जैन क्लब ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में स्ट्रीट बॉलर यमुनानगर की टीम ने 13-10 अंक के अंतर से जीत हासिल की। स्ट्रीट बॉलर की तरविंदर कौर, मीरा, दीक्षिता ने शानदार प्रदर्शन किया। जेवी जैन कॉलेज की वर्तिका त्यागी, अंजली, अवनी और रुखसार ने अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीजी क्राइम राजीव गुप्ता रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत किया। मिनी ओलंपिक का समापन राष्ट्रीय धुन के साथ किया। इस दौरान वक्ताओं ने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की। संचालन मोहम्मद यूनुस ने किया। इसमें नगर विधायक संजय गर्ग, प्राचार्य डॉ. वकुल बंसल, जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, डॉ. संदीप गुप्ता, ईश्वर पाल सिंह, यशपाल पुंडीर, डॉ. वीर, डॉ. लोकेश कुमार, मनीष कुमार, मुस्तकीम अंसारी, डॉ. पंकज गुप्ता, अंशुल कुमार, अशोक सक्सेना, गौरव कपिल, लाल धर्मेंद्र प्रताप, सोनवीर सिंह आदि मौजूद रहे।