सहारनपुर। लखनऊ से आए समग्र शिक्षा अभियान के सीनियर कंसलटेंट गुरमिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सहित शहर के कई विद्यालयों में जाकर वहां मिड-डे मील सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। साथ ही डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के तहत अभिभावकों के खातों में भेजी गई यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, जूते आदि की धनराशि के बारे में भी जानकारी ली।
सीनियर कंसलटेंट गुरमिंदर सिंह सबसे पहले कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रेलवे कॉलोनी पहुंचे। यहां उन्होंने छात्राओं के रहन सहन की पूरी व्यवस्था देखी। खाद्य सुरक्षा भत्ता योजना के तहत मिड-डे मील के बारे में जानकारी ली। साथ ही बृहस्पतिवार को बने मिड-डे मील की गुणवत्ता भी परखी। इसके बाद वह उच्च प्राथमिक विद्यालय (संविलियन) खलासी लाइन, उच्च प्राथमिक विद्यालय (संविलियन) नुमाइश कैंप और अंत में प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन पहुंचे। इन विद्यालयों में भी छात्रों की उपस्थिति, मिड-डे मील की गुणवत्ता और अन्य रजिस्टर आदि देखे। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मिड-डे मील के समन्वयक अतुल कुमार और कृपाल मलिक रहे।