सहारनपुर। छात्रवृत्ति दिलाने की मांग को लेकर बी फार्मा कर रहे अनुसूचित जाति के छात्रों ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश मिश्र को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि गत वर्ष उन्हें छात्रवृत्ति मिली थी, लेकिन इस बार समाज कल्याण विभाग ने इसे निरस्त कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को सौंपे ज्ञापन में अनुसूचित जाति के छात्रों ने कहा कि उन्होंने बी फार्मा में सीधे प्रवेश लिया है। उन्हेें द्वितीय वर्ष में छात्रवृत्ति से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें धमकाया भी जा रहा है कि प्रथम वर्ष की छात्रवृत्ति की राशि को भी वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछडे़ वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्राप्त हो रही है, जबकि वे इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति सही नहीं होने के चलते वे अपनी कॉलेज की फीस को जमा नहीं करवा पा रहे हैं। इसलिए उनकी छात्रवृत्ति का जल्द भुगतान कराया जाए। इस पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को इस बारे में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान अंकुश कुमार, अतुल कुमार, मनमोहिनी, मोहित, संदीप कुमार गौतम, सुभाष कुमार, प्रिंस कुमार, विवेक, सचिन कुमार, संदीप कुमार, अजय कुमार, संजीव कुमार, बुद्धप्रकाश, विशाल कुमार आदि मौजूद रहे।