फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: सदस्य तैयार, पंचायत तैयार...सचिव लापता, रुका चुनाव

Sat, 14 Mar 2026 12:34 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
तीतरो। ग्राम पंचायत महंगी में कार्यवाहक प्रधान के चुनाव को लेकर पिछले 15 दिनों से चल रही तैयारियां शुक्रवार को उस समय धरी रह गईं, जब ग्राम सचिव के अनुपस्थित रहने के कारण चुनाव प्रक्रिया नहीं हो सकी। इससे ग्राम पंचायत सदस्यों में नाराजगी देखने को मिली।
विज्ञापन

दरअसल, ग्राम सचिव प्रदीप कुमार ने 28 फरवरी को ग्राम पंचायत सदस्यों को कार्यवाहक प्रधान के चुनाव के लिए एजेंडा जारी किया था। इसमें सभी सदस्यों से निर्धारित तिथि पर ग्राम पंचायत भवन में उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का अनुरोध किया गया था। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को ग्राम पंचायत सदस्य पंचायत भवन पहुंचे, लेकिन ग्राम सचिव के मौके पर मौजूद न होने के कारण चुनाव नहीं हो सका। इससे सदस्यों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
ग्राम पंचायत सदस्य महासिंह सैनी, सीमा सैनी, सीमा रानी, ओमपाल सिंह, नेत्रपाल, विकास कोरी, निर्मल सिंह और बलजिंद्र कौर सहित अन्य का कहना है कि प्रशासन द्वारा घोषित तिथि को लेकर सदस्य कार्यवाहक प्रधान के चुनाव को लेकर उत्साहित थे, लेकिन ग्राम सचिव का दो दिनों से फोन बंद होना और अधिकारियों द्वारा भी कोई संतोषजनक जवाब न दिया जाना खटक रहा है। सदस्यों का आरोप है कि प्रदेश सरकार का अधिकारियों पर नियंत्रण नहीं रह गया है, जिसके कारण वे प्रशासनिक आदेशों को भी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
विज्ञापन

उधर गंगोह खंड विकास अधिकारी प्रवेज असलम का कहना है कि ग्राम सचिव द्वारा मेडिकल अवकाश की सूचना देने के कारण फिलहाल चुनाव नहीं हो सका है। जल्द ही नई तिथि निर्धारित कर चुनाव कराने का प्रयास किया जाएगा। चुनाव व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस ने कई बार गश्त भी की।

13 सदस्यों में से चुना जाना है कार्यवाहक प्रधान
ग्राम प्रधान अमित कोरी ने एक अक्टूबर 2025 को इस्तीफा दे दिया था। ग्राम महंगी में बेरखेड़ी मुसलमान सहित 15 वार्ड हैं, जिनमें 11 सदस्य पुरुष और चार महिला सदस्य हैं। ग्राम पंचायत सदस्यों में तीन सदस्य सामान्य जाति, आठ पिछड़ी जाति, चार अनुसूचित जाति के सदस्य हैं। वार्ड नंबर तीन से सदस्य प्रशांत कुमार काफी समय से विदेश में नौकरी पर हैं जबकि बिजेंद्र सैनी कारोबार के सिलसिले में आंध्र प्रदेश में है। ऐसे में 13 सदस्यों के बीच से ही कार्यवाहक प्रधान का चयन होना है। इन्हीं के बीच मतदान होना था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें