देवबंद। गांव लालवाला में भूमि स्वामित्व को लेकर हुए प्रकरण में मंगलवार को उत्तर प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य महिपाल वाल्मीकि देवबंद पहुंचे।
लोक निर्माण विभाग अतिथिगृह पहुंचे आयोग सदस्य ने एसडीएम युवराज सिंह और सीओ अभितेष सिंह से नौ मई को लालवाला गांव में हुए राजपूत और अनुसूचित जाति के लोगों के बीच विवाद की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने प्रकरण में अब तक की गई कार्रवाई के बारे में भी जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राजस्व एवं चकबंदी अभिलेखों के आधार पर न्याय प्रक्रिया अपनाते हुए अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने विभिन्न सामाजिक व स्थानीय समस्याओं को रखा। महिपाल वाल्मीकि ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। पालिका सभासद राहुल वाल्मीकि व नगर पालिका सफाई कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अविनाश वाल्मीकि ने भी आयोग के सदस्य से मुलाकात कर समस्याएं रखीं। इस मौके पर चकबंदी, समाज कल्याण, प्रोबेशन और तहसील विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।